Australia Squad For 2025 WTC Final: ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच अगले महीने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला खेला जाना है. यह खिताबी मैच 11 जून से खेला जाएगा. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने WTC फाइनल के लिए 15 सदस्यीय टीम का एलान कर दिया है. आक्रामक सलामी बल्लेबाज सैम कोंस्टास और फिट होकर लौटे हरफनमौला कैमरून ग्रीन को इस टीम में शामिल किया गया है. वहीं आईपीएल 2025 में धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे मिशेल मार्श को जगह नहीं मिली है. 

11 जून को लंदन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह दी गई है. गत विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम में लगभग वही सदस्य हैं, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में भारत और श्रीलंका से खेला था. इन दोनों सीरीज में कंगारू टीम जीती थी. 

ऑस्ट्रेलियाई चयन समिति के प्रमुख जॉर्ज बेली ने ‘क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू’ से कहा, “टीम ने श्रीलंका को सीरीज में हराकर डब्ल्यूटीसी चक्र का शानदार समापन किया. इससे पहले भारत को एक दशक में पहली बार टेस्ट सीरीज में परास्त किया. पिछले दो साल में टीम ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और अब हमारे पास विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप खिताब बरकरार रखने का मौका है.”

WTC फाइनल लॉडर्स पर 11 से 15 जून तक खेला जाएगा. मेलबर्न में बॉक्सिंग डे टेस्ट में भारत के खिलाफ शानदार डेब्यू करने वाले सैम कोंस्टास को श्रीलंका दौरे से स्वदेश भेज दिया गया था, चूंकि वह टीम में जगह नहीं बना सके थे. कैमरून ग्रीन ने कमर की तकलीफ के कारण पिछले साल सर्जरी कराई है. ऑस्ट्रेलिया की यही टीम वेस्टइंडीज में 25 जून से होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी. 

WTC फाइनल और वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम- पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, उस्मान ख्वाजा, सैम कोंस्टास, मैट कुन्हेमन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क और ब्यू वेबस्टर.

ट्रेवेल रिजर्व- ब्रेंडन डोगेट



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp