पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेले गए दूसरे वनडे में एक अजीबोगरीब रन-आउट ने क्रिकेट जगत में बहस छेड़ दी है. ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान के बल्लेबाज सलमान अली आगा को जिस तरीके से आउट दिया गया, उसे लेकर कई पूर्व खिलाड़ी और फैंस नाराज दिखाई दिए. इस पूरे मामले पर भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी और इसे खेल भावना के खिलाफ बताया है.

कैसे हुआ यह विवादित रन-आउट

यह घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में हुई. उस समय क्रीज पर सलमान अली आगा और कप्तान मोहम्मद रिजवान मौजूद थे और दोनों के बीच अच्छी साझेदारी बन रही थी. बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज गेंदबाजी कर रहे थे. ओवर की चौथी गेंद पर रिजवान ने हल्का शॉट खेला और गेंद धीरे-धीरे नॉन-स्ट्राइकर एंड की तरफ चली गई. गेंद आगा के पैड से टकराई और वह उसे उठाकर वापस देने के लिए झुक गए. इसी दौरान मिराज ने गेंद उठाकर तुरंत स्टंप्स गिरा दिए. इस समय आगा क्रीज के बाहर खड़े थे. इसके बाद बांग्लादेशी कप्तान ने रन-आउट की अपील भी कर दी.

अंपायर ने दिया आउट

मैदान पर मौजूद अंपायर ने मामला थर्ड अंपायर के पास भेज दिया. रिप्ले देखने के बाद फैसला बांग्लादेश के पक्ष में गया और सलमान अली आगा को रन-आउट करार दिया गया. इस फैसले के बाद आगा काफी निराश नजर आए और पवेलियन लौटते समय अपनी नाराजगी भी जाहिर की.

मोहम्मद कैफ ने जताई नाराजगी

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है. कई लोगों ने इसे नियमों के दायरे में सही बताया, तो कई ने इसे खेल भावना के खिलाफ माना. मोहम्मद कैफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि विकेट लेने की जल्दबाजी में ऐसा कदम सही नहीं है. उन्होंने कहा कि खासकर जब कोई कप्तान ऐसा करे तो यह गलत संदेश देता है. कैफ ने युवा खिलाड़ियों से अपील करते हुए कहा कि चाहे वर्ल्ड कप का फाइनल ही क्यों न हो, खेल की भावना को कभी नहीं भूलना चाहिए.

मैच की स्थिति

इस विवादित रन-आउट के बाद पाकिस्तान की पारी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी. पूरी टीम 47.3 ओवर में 274 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. पाकिस्तान के लिए माज सदाकत ने सबसे ज्यादा 75 रन बनाए. हालांकि अंत में डीएलएस के चलते पाकिस्तान ने ये मैच अपने नाम कर लिया.



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp