Healthy Heart Diet Tips : आजकल की बिजी लाइफस्टाइल में हार्ट को हेल्दी रखना पहले से ज्यादा जरूरी हो गया है. इसके लिए सिर्फ दवाइयों या एक्सरसाइज पर ध्यान देना ही काफी नहीं है, बल्कि रोज सुबह क्या खाया जा रहा है, इसका भी सीधा असर हार्ट हेल्थ पर पड़ता है. रातभर के लंबे समय के बाद सुबह का नाश्ता शरीर को एनर्जी देने के साथ-साथ मेटाबॉलिज्म को एक्टिव करने और दिनभर की सेहत को बैलेंस रखने का काम करता है. विशेषज्ञों के अनुसार, अगर नाश्ते में ज्यादा तेल, घी, मक्खन, तली-भुनी चीजें या ज्यादा चीनी वाले फूड आइटम्स शामिल किए जाएं, तो समय के साथ कोलेस्ट्रॉल, ब्लड प्रेशर और वजन बढ़ने का खतरा बढ़ सकता है. यही कारण है कि हार्ट पेशेंट्स के लिए ऐसा नाश्ता चुनना जरूरी माना जाता है, जो टेस्टी होने के साथ-साथ दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद हो. ऐसे में आइए जानते हैं कि हार्ट पेशेंट्स को सुबह के नाश्ते में पूरे हफ्ते क्या खाना चाहिए. 

हार्ट हेल्थ के लिए नाश्ता क्यों जरूरी माना जाता है?

सुबह का हेल्दी नाश्ता शरीर को जरूरी पोषण देने के साथ कई तरह से फायदा पहुंचा सकता है. यह ब्लड शुगर को बैलेंस रखने में मदद करता है, दिनभर की एनर्जी बनाए रखता है और बार-बार भूख लगने की समस्या को कम कर सकता है. इसके अलावा यह हेल्दी कोलेस्ट्रॉल लेवल बनाए रखने और मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में भी सहायक माना जाता है. विशेषज्ञों के अनुसार, एक बैलेंस नाश्ते में साबुत अनाज, पौधों से मिलने वाला प्रोटीन, सही मात्रा में सब्जियां और सीमित मात्रा में हेल्दी फैट शामिल होना चाहिए. वहीं तले हुए फूड आइटम्स, मैदा, ज्यादा चीनी और ज्यादा तेल वाले फूड आइटम्स से दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाती है. 

हार्ट पेशेंट्स को सुबह के नाश्ते में पूरे हफ्ते क्या खाना चाहिए?

1. सोमवार – हफ्ते की शुरुआत ओट्स उपमा से की जा सकती है. यह फाइबर से भरपूर और हल्का नाश्ता माना जाता है. ओट्स में मौजूद बीटा-ग्लूकन फाइबर शरीर से एक्स्ट्रा कोलेस्ट्रॉल को बाहर निकालने में मदद कर सकता है. वहीं गाजर, बीन्स और मटर जैसी सब्जियां पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट उपलब्ध कराती हैं, जो ब्लड प्रेशर को बैलेंस रखने में सहायक हो सकते हैं. 

2. मंगलवार – बेसन चिल्ला प्रोटीन और फाइबर से भरपूर नाश्ता माना जाता है. बेसन का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, इसलिए यह ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ने नहीं देता है. इसमें मौजूद पौधों से मिलने वाला प्रोटीन वजन और कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखने में मदद कर सकता है. इसे पालक, गाजर, लौकी, टमाटर और प्याज जैसी सब्जियों के साथ तैयार किया जा सकता है. 

3. बुधवार – अगर आप हल्का नाश्ता पसंद करते हैं तो अंकुरित मूंग का सलाद एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. अंकुरित अनाज में फैट कम और प्रोटीन, फाइबर साथ ही एंटीऑक्सीडेंट ज्यादा मात्रा में पाए जाते हैं. यह पाचन को बेहतर बनाने के साथ कोलेस्ट्रॉल को बैलेंस रखने में मदद कर सकता है. इसे खीरा, टमाटर, धनिया और नींबू के रस के साथ तैयार किया जा सकता है.

4. गुरुवार – दलिया लंबे समय तक पेट भरा रखने वाला और बैलेंस एनर्जी देने वाला नाश्ता माना जाता है. इसमें मौजूद जटिल कार्बोहाइड्रेट धीरे-धीरे पचते हैं, जिससे ब्लड शुगर में अचानक उतार-चढ़ाव नहीं होता है. दलिया में मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को हेल्दी रखने में मदद करता है. इसे गाजर, मटर, लौकी और बीन्स जैसी मौसमी सब्जियों के साथ बनाया जा सकता है.

यह भी पढ़ें – Bihar Thekua Recipe: PM Modi के गिफ्ट के बाद चर्चा में बिहार का ठेकुआ, जानिए इसकी आसान रेसिपी

5. शुक्रवार – रागी डोसा दिल की सेहत के लिए फायदेमंद ऑप्शन में गिना जाता है. रागी फाइबर से भरपूर होती है और वजन तथा कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखने में मदद कर सकती है. इसमें पाए जाने वाले पॉलीफेनॉल शरीर में ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करने में सहायक माने जाते हैं. रागी में कैल्शियम और आयरन भी अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं. इसे सब्जियों के साथ तैयार कर सांभर और चटनी के साथ खाया जा सकता है. 

6. शनिवार – बिजी रूटीन वाले लोगों के लिए मल्टीग्रेन वेजिटेबल सैंडविच एक आसान और हेल्दी ऑप्शन हो सकता है. मल्टीग्रेन या साबुत गेहूं की ब्रेड में मौजूद फाइबर एक्सट्रा कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद कर सकता है. इसमें खीरा, टमाटर, प्याज, पालक जैसी सब्जियां और मक्खन की जगह दही या हम्मस का यूज किया जा सकता है. 

7. रविवार – हफ्ते के आखिरी दिन हल्का लेकिन हेल्दी नाश्ता करने के लिए फलों, ओट्स, बादाम, चिया सीड्स और टोंड दूध से बनी स्मूदी का ऑप्शन चुना जा सकता है. चिया सीड्स में ओमेगा-3 फैटी एसिड पाए जाते हैं, जो ब्लड वेसल्स में सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं. बादाम अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बेहतर बनाने में सहायक माने जाते हैं, जबकि ओट्स फाइबर की मात्रा बढ़ाते हैं. 

Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.

यह भी पढ़ें – High Protein Snacks: ऑफिस टिफिन में कुछ टेस्टी खाने के लिए मचल रहा दिल, मिनटों में तैयार करें ये टेस्टी स्नैक्स

Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )

Calculate The Age Through Age Calculator



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp