Heat and Blood Pressure: देश के कई हिस्सों में इस समय तापमान लगातार बढ़ रहा है और इसका असर लोगों की सेहत पर भी देखने को मिल रहा है. आमतौर पर गर्मी को थकान, पसीना और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से जोड़ा जाता है. लेकिन एक्सपर्ट का कहना है कि तेज गर्मी ब्लड प्रेशर पर भी सीधा असर डाल सकती है. बढ़ते तापमान में शरीर को खुद को ठंडा रखने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे शरीर की कई प्रक्रियाओं में बदलाव आता है और यही बदलाव ब्लड प्रेशर के स्तर को प्रभावित करता है. एक्सपर्ट्स के अनुसार गर्मी में आमतौर पर ब्लड प्रेशर कम हो सकता है. लेकिन कुछ मामलों में यह अचानक बढ़ भी सकता है, जो खतरनाक स्थिति पैदा कर सकता है. ऐसे में बदलाव को समझना और समय रहते सावधानी बरतना बहुत जरूरी है.
गर्मी कैसे प्रभावित करती है ब्लड प्रेशर को?
डिहाइड्रेशन
तेज गर्मी में शरीर का तापमान कंट्रोल करने के लिए कई तरह की प्रतिक्रियाएं होती है. जिनका असर सीधे ब्लड प्रेशर पर पड़ता है. सबसे पहले ज्यादा पसीना आने से शरीर में पानी की कमी हो जाती है. जब शरीर में फ्लूइड कम हो जाता है, तो खून की मात्रा भी घटती है. जिससे ब्लड प्रेशर नीचे जा सकता है. इस स्थिति में चक्कर आना या कमजोरी महसूस होना आम बात है.
वैसोडिलेशन
इसके अलावा गर्मी में शरीर की ब्लड सेल्स फैल जाती है, जिससे शरीर को ठंडा रखने में मदद मिलती है. लेकिन इस प्रक्रिया के कारण भी ब्लड प्रेशर कम हो सकता है. खासकर उन लोगों में जो पहले से ही ब्लड प्रेशर की समस्या से जूझ रहे हैं.
हार्ट रेट में तेजी
शरीर में खून का सही प्रभाव बनाए रखने के लिए दिल को ज्यादा तेजी से धड़कना पड़ता है. इससे हार्ट एक्स्ट्रा दबाव पड़ता है और लंबे समय तक ऐसा रहने पर यह दिल से जुड़ी समस्याओं को बढ़ा सकता है.
स्ट्रेस रिस्पाॅन्स
वहीं, कुछ कंडीशन में ज्यादा गर्मी में तनाव हार्मोन को भी बढ़ा देता है. जिससे ब्लड प्रेशर अस्थायी रूप से बढ़ सकता है. यही कारण है कि कई बार गर्मियों में ब्लड प्रेशर हाई और लॉ दोनों तरह के ब्लड प्रेशर की समस्या देखने को मिलती है.
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
अगर गर्मी के दौरान ब्लड प्रेशर कम हो जाए तो चक्कर आना, कमजोरी होना या बेहोशी जैसे लक्षण दिख सकते हैं. वहीं अगर ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ जाए तो सांस लेने में दिक्कत, सीने में दर्द, थकान, मतली या नजर धुंधली होना जैसे संकेत सामने आ सकते हैं. एक्सपर्ट का कहना है कि ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत सतर्क हो जाना चाहिए.
ये भी पढ़ें-कितनी भी कोशिश कर लो भटूरे फूलते नहीं हैं? इस ट्रिक से बनाओगे तो बन जाओगे ‘भटूरा मास्टर’
गर्मी में ब्लड प्रेशर को कैसे करें कंट्रोल?
हाइड्रेट रहें
डॉक्टर के अनुसार गर्मी के मौसम में कुछ आसान सावधानियां अपनाकर ब्लड प्रेशर को संतुलित रखा जा सकता है. सबसे जरूरी है कि शरीर को हाइड्रेट रखना, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर में फ्लूइड का संतुलन बना रहता है और डिहाइड्रेशन से बचाव होता है.
ढीले कपड़े पहने और धूप से बचें
तेज धूप से बचना भी जरूरी है, दिन के सबसे गर्म समय में बाहर निकलने से बचें और हल्के में ढीले कपड़े पहनें. ताकि शरीर का तापमान कंट्रोल में रहे.
फिजिकल एक्टिविटी सीमित करें
गर्मी में भारी फिजिकल एक्टिविटी को सीमित रखना चाहिए. खासकर दोपहर के समय अगर व्यायाम करना हो तो सुबह या शाम का समय बेहतर माना जाता है.
ब्लड प्रेशर चेक करते रहें
ब्लड प्रेशर की नियमित जांच भी जरूरी है, ताकि किसी भी असामान्य बदलाव का समय पर पता चल सके.
संतुलित आहार लें
गर्मियों के समय में खानपान पर ध्यान देना भी उतना ही जरूरी है. फल और सब्जियां शरीर को जरूरी पोषक तत्व और पानी दोनों प्रदान करते हैं. जबकि नमक का ज्यादा सेवन ब्लड प्रेशर को बढ़ा सकता है.
कैफीन और अल्कोहल से दूर रहें
इनके अलावा कैफीन और शराब जैसी चीजों से गर्मी में दूरी बनाना फायदेमंद हो सकता है. क्योंकि यह शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकती है. वहीं शरीर को ठंडा रखने के लिए कूलर पंखा या ठंडा पानी से नहाना जैसे उपाय भी मददगार हो सकते हैं.