ICC ने BCB को एक दिन की मोहलत और दी, अगर टी20 वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश नहीं आया भारत तो…

ICC ने BCB को एक दिन की मोहलत और दी, अगर टी20 वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश नहीं आया भारत तो…


2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश की टीम भारत आएगी या नहीं, अभी तक इसे लेकर कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है. आज बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपना अंतिम फैसला देना था. डेडलाइन आज की थी, लेकिन आईसीसी ने बीसीबी को चेतावनी के साथ एक दिन की मोहलत और दी है.

आईसीसी ने बीसीबी को बता दिया है कि अगर बांग्लादेश की टीम 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आती है तो फिर उसकी जगह किसी दूसरी टीम को विश्व कप में शामिल किया जाएगा. आईसीसी ने भारत दौरे से इनकार करने पर बांग्लादेश की जगह किसी और टीम को भेजने के लिए वोट किया.

आईसीसी ने बीसीबी को बांग्लादेश सरकार को यह सूचित करने के लिए कहा है कि अगर बांग्लादेश 2026 टी20 विश्व कप में अपने मैच खेलने के लिए भारत आने से इनकार करता रहता है, तो टूर्नामेंट में उसकी जगह किसी और टीम को भेजा जाएगा. इस फैसले के बाद मतदान हुआ, जिसमें आईसीसी बोर्ड के अधिकांश सदस्य किसी और टीम को भेजने के पक्ष में थे.

आईसीसी ने बीसीबी को फैसला लेने के लिए एक और दिन का समय दिया है. हालांकि, कल यानी गुरुवार, 22 जनवरी को पिक्चर क्लियर हो जाएगी. अगर बांग्लादेश की टीम टी20 विश्व कप के लिए भारत नहीं आती है तो फिर उसकी जगह स्कॉटलैंड को ग्रुप सी में जगह मिलने की संभावना है. स्कॉटलैंड यूरोपीय क्वालीफायर में नीदरलैंड, इटली और जर्सी से पीछे रहने के कारण 2026 टी20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने में असफल रहा था.

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 2026 टी20 वर्ल्ड कप का आगाज 7 फरवरी से होना है. इस वैश्विक टूर्नामेंट की मेजबानी भारत और श्रीलंका कर रहे हैं. भारत के पांच और श्रीलंका के तीन वेन्यू पर सभी मुकाबले खेले जाएंगे. इस बार इस टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है.



Source link

Highlights: भारत ने जीता पहला टी20, न्यूजीलैंड को 48 रनों से हराया; अभिषेक को मिला POTM अवार्ड

Highlights: भारत ने जीता पहला टी20, न्यूजीलैंड को 48 रनों से हराया; अभिषेक को मिला POTM अवार्ड


नागपुर के वीसीए स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 में भारत ने न्यूजीलैंड को 48 रनों से हराया. मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने 35 गेंदों में 84 रनों की धुआंधार पारी खेली. रिंकू सिंह ने अंत में 44 रनों की पारी खेलकर भारत के स्कोर को 238 तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड के लिए ग्लेन फिलिप्स ने 78 रनों की अच्छी पारी खेली, लेकिन ये जीत के लिए काफी नहीं थी. न्यूजीलैंड 190 रन ही बना पाई.

प्लेयर ऑफ द मैच: अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड मिला. उन्होंने 35 गेंदों में 84 रनों की धुआंधार पारी खेली थी, जिससे टीम 238 के विशाल स्कोर तक पहुंच पाया. इस पारी में अभिषेक ने 8 छक्के और 5 चौके लगाए.

न्यूजीलैंड पारी (हाइलाइट्स)

239 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत बहुत खराब हुई थी. पहले ही ओवर में अर्शदीप सिंह ने शून्य पर डेवोन कॉन्वे को आउट किया था. अगले ही ओवर में हार्दिक पांड्या ने रचिन रविंद्र को पवेलियन भेजा, 1 रन पर मेहमान टीम के 2 विकेट गिर चूके थे. इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और टिम रॉबिंसन के बीच अर्धशतकीय (51) साझेदारी हुई. रॉबिंसन 21 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर कैच आउट हुए.

ग्लेन फिलिप्स और मार्क चैपमैन के बीच 79 रनों की साझेदारी ने न्यूजीलैंड को जीत की उम्मीद बंधाई थी, लेकिन इस जोड़े के टूटने के बाद न्यूजीलैंड फिर पिछड़ गई. फिलिप्स ने 40 गेंदों में 78 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें उन्होंने 6 छक्के और 4 चौके लगाए. उन्हें अक्षर पटेल ने आउट किया. इसके बाद मार्क चैपमैन भी आउट हो गए, उन्होंने 24 गेंदों में 39 रन बनाए. डेरिल मिचेल अंत में ज्यादा कुछ नहीं कर पाए, वह 18 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए. न्यूजीलैंड 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 190 रन बना पाई और भारत ने 48 रनों से इस मैच को जीत लिया.

अर्शदीप सिंह ने 4 ओवरों में 31 रन देकर 1 विकेट लिया. जसप्रीत बुमराह ने 3 ओवरों में 29 रन दिए, उन्हें कोई विकेट नहीं मिला. वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवरों में 27 रन देकर 2 विकेट लिए. शिवम दुबे को भी 2 विकेट मिले, जो उन्होंने अंतिम ओवर में लिए. अक्षर पटेल और हार्दिक पांड्या ने भी 1-1 विकेट लिया.

भारत ने बनाए 238 रन (हाइलाइट्स)

संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत की थी. संजू ने स्ट्राइक ली, और कुछ अच्छे शॉट्स लगाए लेकिन वह दूसरे ओवर में अपना विकेट गंवा बैठे. 18 के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा, संजू ने 7 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 10 रन बनाए. उन्हें काइल जैमीसन ने आउट किया. इसके बाद आए ईशान किशन ने अपनी पहली ही गेंद पर चौका लगाया, लेकिन वो भी अगले ही ओवर में पवेलियन लौट गए. ईशान ने 5 गेंदों में 8 रन बनाए, उन्हें जैकब डफी ने अपना शिकार बनाया.

हालांकि 2 विकेट जल्दी गिर जाने के बाद भी अभिषेक शर्मा रुके नहीं, उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी. अभिषेक ने 22 गेंदों में 4 छक्के और 4 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया, इसके बाद भी उन्होंने बड़े शॉट्स लगाए. सूर्यकुमार यादव ने भी उनके बखूबी साथ निभाया, दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी की. सूर्या 22 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए. 

अभिषेक शर्मा अपने शतक से चूक गए, उन्होंने 35 गेंदों में 84 रन बनाए. इस पारी में उन्होंने 8 छक्के और 5 चौके लगाए. अभिषेक ईश सोढ़ी की गेंद पर कैच आउट हुए. इसके बाद शिवम दुबे 9 रन बनाकर आउट हो गए. भारत के पांच विकेट 166 रन पर गिर गए थे.

हार्दिक पांड्या भी तूफानी अंदाज में खेल रहे थे, लेकिन वह 16वें ओवर में 25 रन बनाकर जैकब डफी का शिकार हुए. 16 गेंदों की इस पारी में पांड्या ने 1 छक्का और 3 चौके लगाए. अक्षर पटेल 5 रन बनाकर आउट हुए. अंत में रिंकू सिंह ने 44 रनों की नाबाद पारी खेलकर भारत का स्कोर 238 तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया. रिंकू ने 20 गेंदों में 3 छक्के और 4 चौकों की मदद से 44 रन बनाए.

भारत की प्लेइंग 11

संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह. 

न्यूजीलैंड की प्लेइंग 11

टिम रॉबिन्सन, डेवोन कॉन्वे (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन, ईश सोढ़ी और जैकब डफी



Source link

बेटी की जान बचाने के लिए ‘9 करोड़’ के इंजेक्शन की दरकार, महिला फैन ने रोहित शर्मा से लगाई गुहार

बेटी की जान बचाने के लिए ‘9 करोड़’ के इंजेक्शन की दरकार, महिला फैन ने रोहित शर्मा से लगाई गुहार


सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक महिला सुरक्षा घेरा तोड़कर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के पास पहुंची. यह वाकया भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए तीसरे वनडे के दौरान हुआ. वीडियो में दिखाई दिया एक महिला सुरक्षा पार करते हुए अचानक हिटमैन का हाथ पकड़ लेती है, लेकिन इसके पीछे की कहानी बड़ी ही दुखभरी है. 

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि वह महिला रोहित शर्मा के पास एक फैन बनकर सेल्फी लेने के लिए नहीं पहुंची थी, बल्कि महिला मदद की गुहार लगाने के लिए रोहित शर्मा के पास गई थी. बताया गया कि महिला को अपनी बेटी की जान बचाने के लिए 9 करोड़ रुपये के इंजेक्शन की दरकार है. तो आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है. 

बेटी गंभीर बीमारी से ग्रसित

कथित तौर पर महिला की पहचान सरिता शर्मा के रूप में हुई. सरिता ने बताया कि उनकी बेटी, जिसका नाम अनिका है, वह एक गंभीर बीमारी से जूझ रही है. बेटी के इलाज के लिए 9 करोड़ रुपये के एक इंजेक्शन की जरूरत है, जो अमेरिका से आता है. इसके अलावा महिला ने बताया कि उसने अब तक कई कैंप लगाकर 4.1 करोड़ रुपये की रकम इकट्ठा कर ली है. 

क्रिकेटरों से मदद की उम्मीद 

महिला ने बताया बीतते वक्त को देखते हुए उसने क्रिकेटरों से मिलकर मदद की उम्मीद लगाई. सरिता का मानना है कि क्रिकेटर अक्सर बच्चों की मदद करते हैं, जिसके चलते उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली से मिलने का प्रयास किया. 

महिला ने हाथ पकड़ने के लिए मांगी माफी

उस महिला ने बताया कि बेटी की बीमारी को देखते हुए उनसे भावनाओं में आककर रोहित शर्मा का हाथ पकड़ लिया था. अपनी इस हरकत के लिए सरिता ने माफी मांगी. इसके अलावा उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली से मदद की अपील की. अब देखना दिलचस्प होगा कि कहां तक महिला की मदद हो पाती है. 





Source link

आज होगा फैसला, बांग्लादेश 2026 टी20 वर्ल्ड कप से होगा बाहर? हैरान कर देगा ताजा अपडेट

आज होगा फैसला, बांग्लादेश 2026 टी20 वर्ल्ड कप से होगा बाहर? हैरान कर देगा ताजा अपडेट


T20 World Cup 2026, Bangladesh: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश खेलेगा या नहीं, इस पर आज यानी बुधवार (21 जनवरी) को फैसला होना है. बढ़ते विवाद के बीच बांग्लादेश ने भारत में टी20 विश्व कप खेलने से इनकार कर दिया था. यह विवाद बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से रिलीज करने के बाद बढ़ा था. दूसरी तरफ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भी बांग्लादेश के भारत में ना खेलने के फैसले का समर्थन करता नजर आया.  

बता दें कि बांग्लादेश में अल्पसंख्क हिंदुओं पर होने वाले अत्याचार के बाद इस बात की चर्चा हुई कि मुस्तफिजुर को आईपीएल से रिलीज किया जाएगा. मांग को मद्दे नजर रखते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने बीसीसीआई के निर्देश पर मुस्तफिजुर को रिलीज कर दिया था. इसके बाद बांग्लादेश ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने से इनकार किया. 

शाम 6 बजे हो सकता है फैसला

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार को आईसीसी की एक मीटिंग जारी है. मीटिंग के बाद शाम को करीब 6 बजे इस बात पर फैसला लिया जा सकता है कि बांग्लादेश आगामी टी20 विश्व कप का हिस्सा रहेगा या नहीं. अब देखना दिलचस्प होगा कि मीटिंग में क्या फैसला होता है.

बांग्लादेश ने जताई सुरक्षा की चिंता 

बांग्लादेश बोर्ड की तरफ से सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार किया गया था. बोर्ड ने आईसीसी के सामने यह मांग भी रखी थी कि उनके मुकाबले भारत के अलावा किसी और देश में करवाए जाएं. आईसीसी ने आधिकारिक तौर पर तो नहीं, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में यही बताया गया था कि आईसीसी ने बांग्लादेश की मांग को नहीं माना था. 

पाकिस्तान मेजबानी के लिए तैयार 

बांग्लादेश की मांग के बाद यह भी सामने आया था कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के मैच अपने देश में करवाने के लिए तैयार है. गौर करने वाली बात यह है कि आगामी टी20 वर्ल्ड कप में भारत और श्रीलंका सह-मेजबान हैं. पाकिस्तान को अपने मैच श्रीलंका में खेलने हैं.



Source link

बैटिंग से पहले विराट कोहली की तैयारी देख शर्मा जाएं लड़कियां, क्रीम-परफ्यूम के साथ हुए तैयार

बैटिंग से पहले विराट कोहली की तैयारी देख शर्मा जाएं लड़कियां, क्रीम-परफ्यूम के साथ हुए तैयार


विराट कोहली (Virat Kohli) दुनिया के सबसे अच्छे बल्लेबाजों में से एक होने के साथ-साथ सबसे स्मार्ट क्रिकेटरों की लिस्ट में भी टॉप पर हैं. अक्सर महिला फैन कोहली को उनकी खूबसूरती और स्मार्टनेस के लिए ही फॉलो करती हैं. वहीं अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विराट कोहली ड्रेसिंग रूम के अंदर बैठकर परफ्यूम और क्रीम लगाते हुए दिख रहे हैं. 

कोहली जिस ढंग से तैयार हो रहे हैं, उसे देखकर वाकई एक बार को महिलाएं भी शर्मा जाएंगी. वीडियो शेयर करने के साथ दावा किया जा रहा है कि विराट बैटिंग पर जाने के लिए तैयारी कर रहे हैं. हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि वीडियो बैटिंग पर उतरने से पहले या आउट होने के बाद का है. 

वीडियो में दिखा दिलचस्प नजारा

वीडियो में देखा जा सकता है कि ड्रेसिंग रूम में मौजूद कोहली पहले अपने बैग से परफ्यूम निकालकर लगाते हैं. इसके बाद वह टेबल पर रखी क्रीम लगाते हैं. गौर करने वाली बात यह रही कि इस बीच कोहली कुछ ना कुछ खाते रहते हैं. वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा गया, “बैटिंग पर आने से पहले विराट की तैयारी का सीन.”

शानदार फॉर्म में कोहली 

कोहली इन दिनों लगातार शानदार फॉर्म का मुजाहिरा पेश कर रहे हैं, जिसके चलते वह हाल ही में वनडे के नंबर वन बल्लेबाज बने थे. तीन दिन पहले समाप्त हुई न्यूजीलैंड वनडे सीरीज में कोहली सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज थे. उन्होंने तीन मैचों की तीन पारियों में 80 की औसत से 240 रन बनाए थे. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक निकला था.

इस सीरीज से पहले कोहली दिल्ली के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते हुए दिखाई दिए थे. टूर्नामेंट में कोहली ने दो मैच खेले थे, जिसमें शानदार बैटिंग करते हुए क्रमश: 131 और 77 रन बनाए थे. वहीं विजय हजारे से पहले कोहली ने अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में दो शतक और एक अर्धशतक लगाया था. 





Source link

वनडे-टेस्ट की हार के बाद टी20 में भिड़ेंगे भारत-न्यूजीलैंड, जानिए अब तक का पूरा लेखा-जोखा

वनडे-टेस्ट की हार के बाद टी20 में भिड़ेंगे भारत-न्यूजीलैंड, जानिए अब तक का पूरा लेखा-जोखा


भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया यह दौर भारतीय क्रिकेट के लिए कई मायनों में चौंकाने वाला रहा. जहां एक तरफ टीम इंडिया को घरेलू हालात में मजबूत माना जाता है, वहीं इस बार न्यूजीलैंड ने वनडे और टेस्ट दोनों फॉर्मेट में भारत को कड़ी चुनौती दी और इतिहास रच दिया.

वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड का दबदबा

इस साल के शुरु में खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत भारत ने वडोदरा में जीत के साथ की. पहले वनडे में भारत ने 306 रन बनाए और न्यूजीलैंड को 300 रन पर रोकते हुए 4 विकेट से मुकाबला जीत लिया. लगा कि टीम इंडिया सीरीज पर पकड़ बना लेगी, लेकिन इसके बाद कहानी पूरी तरह बदल गई.

राजकोट में खेले गए दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारत के 284 रन के जवाब में सिर्फ 3 विकेट खोकर 286 रन बना लिए और 7 विकेट से जीत दर्ज की. इसके बाद निर्णायक तीसरा वनडे इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला गया, जहां न्यूजीलैंड ने भारत को 41 रन से हराकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली. कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337 रन बनाए, जबकि भारत 296 रन पर सिमट गया. यह भारत में न्यूजीलैंड की पहली वनडे सीरीज जीत रही.

टेस्ट सीरीज में भी भारत को झटका

वनडे से पहले खेले गए टेस्ट सीरीज में भी हालात भारत के पक्ष में नहीं रहे. अक्टूबर-नवंबर 2024 में खेली गई तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में न्यूजीलैंड ने भारत को 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया. बेंगलुरु टेस्ट में भारत पहली पारी में सिर्फ 46 रन पर ढेर हो गया, जो घरेलू क्रिकेट में एक शर्मनाक रिकॉर्ड रहा. इसके बाद पुणे और मुंबई में भी न्यूजीलैंड ने दबाव बनाए रखा और करीबी मुकाबलों में जीत हासिल की.

अब टी20 सीरीज की बारी, जानिए पूरा शेड्यूल

वनडे और टेस्ट में करारी शिकस्त के बाद भारत और न्यूजीलैंड अब टी20 फॉर्मेट में आमने-सामने होंगे. दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत 21 जनवरी से होगी. यह सीरीज टीम इंडिया के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगी, वहीं न्यूजीलैंड अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगा.

टी20 सीरीज का पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है-

पहला टी20 मुकाबला: 21 जनवरी (बुधवार), शाम 7 बजे
स्थान: विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, नागपुर

दूसरा टी20 मुकाबला: 23 जनवरी (शुक्रवार), शाम 7 बजे

स्थान: शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर

तीसरा टी20 मुकाबला: 25 जनवरी (रविवार), शाम 7 बजे

स्थान:ACA स्टेडियम, गुवाहाटी

चौथा टी20 मुकाबला: 28 जनवरी (बुधवार), शाम 7 बजे

स्थान: डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी ACA-VDCA क्रिकेट स्टेडियम, विशाखापट्टनम

पांचवां टी20 मुकाबला: 31 जनवरी (शनिवार), शाम 7 बजे

स्थान: ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम 



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp