पहला वनडे जीत लिया, फिर भी टीम इंडिया की सामने आईं 3 कमजोर कड़ी; दूसरे वनडे में दूर करना जरूरी

पहला वनडे जीत लिया, फिर भी टीम इंडिया की सामने आईं 3 कमजोर कड़ी; दूसरे वनडे में दूर करना जरूरी



भारत ने 30 नवंबर को खेले गए पहले वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीका को 17 रनों से हरा दिया था. अब दूसरा वनडे 3 दिसंबर को रायपुर में खेला जाएगा, जिसे जीतकर टीम इंडिया तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाना चाहेगी. पहले मैच में विराट कोहली ने 135 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली थी, वहीं कुलदीप यादव ने गेंदबाजी में 4 विकेट चटका कर कमाल किया था. मगर जीत के बावजूद भारतीय टीम के कॉम्बिनेशन में कुछ खामियां दिखाई पड़ी हैं. जानिए दूसरे वनडे में टीम इंडिया को किन गलतियों में सुधार करना होगा.

1. सिर्फ रोहित-विराट-राहुल के रन बनाने से काम नहीं चलेगा

पहले वनडे में विराट कोहली ने 135 रनों की शतकीय पारी, दूसरी ओर केएल राहुल और रोहित शर्मा ने अर्धशतक लगाया था. पहले वनडे में भारतीय टीम के 10 खिलाड़ी बैटिंग करने आए थे और टीम 349 के स्कोर तक पहुंच पाई थी. इनमें 252 रन तो विराट-रोहित और राहुल के ही रहे. राहुल ने 60 और रोहित शर्मा ने 57 रन बनाए थे. वहीं बाकी बल्लेबाज स्कोरबोर्ड में सिर्फ 74 रनों का योगदान दे पाए. दूसरे वनडे मैच में अन्य भारतीय बल्लेबाजों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत होगी.

2. टेस्ट के बाद ODI में भी बैटिंग ऑर्डर पर गलत फैसले

भारतीय टीम का पिछले एक साल का टेस्ट रिकॉर्ड बहुत खराब रहा है, जिसका एक मुख्य कारण खिलाड़ियों के बल्लेबाजी क्रम में हो रहा लगातार बदलाव भी है. कुछ ऐसा ही पहले वनडे मैच में भी हुआ, जहां ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को बैटिंग में केएल राहुल से पहले भेजा गया. यह रणनीति बिलकुल फ्लॉप रही, क्योंकि सुंदर मात्र 13 रन बनाकर आउट हो गए. जब सुंदर बैटिंग करने आए, तब भारतीय पारी में 23 से अधिक ओवर बचे थे, लेकिन सुंदर की बल्लेबाजी देख ऐसा प्रतीत हुआ जैसे वो शुरुआत से ही बाउंड्री बटोरना चाहते हों. सुंदर को पारी संभालने के लिए ऊपर भेजा गया था, लेकिन वो आउट भी हवाई शॉट खेलने के चक्कर में हुए थे.

3. डेथ ओवरों में बेहतर गेंदबाजी

भारतीय टीम को डेथ ओवरों में बेहतर गेंदबाजी करनी होगी. पहले ODI मैच में कॉर्बिन बॉश अकेले ही अनुभवहीन भारतीय गेंदबाजी अटैक पर हावी हो गए थे. खासतौर पर हर्षित राणा को अपनी डेथ ओवर गेंदबाजी स्किल्स में सुधार लाना होगा. दक्षिण अफ्रीका को आखिरी 7 ओवर में जीत के लिए 61 रन बनाने थे. एक तरफ अर्शदीप सिंह ने अफ्रीका के रन रेट पर ब्रेक लगाई हुई थी, दूसरे छोर पर हर्षित राणा ने अपने आखिरी 2 ओवरों में 22 रन लुटा दिए.

यह भी पढ़ें:

रसेल-फाफ के बाद ग्लेन मैक्सवेल भी नहीं खेलेंगे IPL, ऑक्शन से पहले लिया संन्यास? अचानक फैसले से चौंकाया



Source link

रसेल-फाफ के बाद ग्लेन मैक्सवेल भी नहीं खेलेंगे IPL, ऑक्शन से पहले लिया संन्यास? अचानक फैसले से

रसेल-फाफ के बाद ग्लेन मैक्सवेल भी नहीं खेलेंगे IPL, ऑक्शन से पहले लिया संन्यास? अचानक फैसले से



ग्लेन मैक्सवेल ने IPL 2026 ऑक्शन से अपना नाम वापस ले लिया है. पिछले कुछ दिनों में मैक्सवेल ऐसे दूसरे दिग्गज बल्लेबाज हैं, जिन्होंने नीलामी से अपना नाम वापस लिया है. उनसे पहले दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस भी ऐसी घोषणा कर चुके हैं. वहीं KKR से रिलीज होने के बाद आंद्रे रसेल अपनी रिटायरमेंट की घोषणा कर चुके हैं. वो भी ऑक्शन का हिस्सा नहीं होंगे. मैक्सवेल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बताया कि वो मिनी ऑक्शन का हिस्सा नहीं होंगे. मैक्सवेल पिछले 2 सीजन में कुल मिलाकर सिर्फ 100 रन और बॉलिंग में 10 विकेट ले पाए हैं.

मैक्सवेल ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट करते हुए लिखा, “IPL में कई यादगार सीजन बिताने के बाद मैंने इस साल नीलामी में हिस्सा ना लेने का फैसला लिया है. यह बहुत बड़ा फैसला है, इस लीग का मैं बहुत आभारी रहूंगा. IPL ने मुझे बतौर क्रिकेटर और निजी तौर पर भी मेरी राह तय की है.”

उन्होंने आगे लिखा, “विश्व स्तरीय खिलाड़ियों के साथ खेलना, अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व करना और जुनून से भरे फैंस के सामने खेलना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही. वो यादें, वो चुनौतियां और भारतवासियों का जुनून मेरे साथ सदैव रहेगा. इतने सालों तक मुझे सपोर्ट करने के लिए सबका धन्यवाद. उम्मीद है दोबारा मिलूंगा.” 


IPL 2025 में ग्लेन मैक्सवेल पंजाब किंग्स के लिए खेले थे. पंजाब ने मेगा ऑक्शन में उन्हें 4.2 करोड़ रुपये में खरीदा था. वो पिछले सीजन 7 मैच खेलकर सिर्फ 48 रन बना पाए और गेंदबाजी में केवल 4 विकेट लिए. बताते चलें कि उनसे पहले फाफ डु प्लेसिस ने IPL ऑक्शन में हिस्सा ना लेने की पुष्टि कर चुके हैं. वो अब PSL 2026 में खेलेंगे. वहीं आंद्रे रसेल आईपीएल से रिटायरमेंट की घोषणा कर चुके हैं.





Source link

एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट शुरू होने से पहले इंग्लैंड ने घोषित की प्लेइंग XI, ये दिग्गज हुआ बाहर

एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट शुरू होने से पहले इंग्लैंड ने घोषित की प्लेइंग XI, ये दिग्गज हुआ बाहर



The Ashes 2025-26: एशेज 2025 का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है. पर्थ में मिली 8 विकेट की करारी हार के बाद इंग्लैंड ने अब दूसरे टेस्ट के लिए अपनी प्लेइंग XI का ऐलान कर दिया है. यह मैच 4 दिसंबर से ब्रिस्बेन के गाबा मैदान में डे-नाइट फॉर्मेट में खेला जाएगा. टीम में सबसे बड़ा बदलाव है, स्पिन ऑल-राउंडर विल जैक्स की वापसी, जो चोटिल मार्क वुड की जगह लेंगे.

मार्क वुड चोटिल, विल जैक्स को बड़ा मौका

सीरीज ओपनर में गेंदबाजी के दौरान मार्क वुड के बाएं घुटने में दर्द बढ़ गया था. पूरी जांच के बाद उन्हें दूसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया है. उनकी जगह इंग्लैंड ने विल जैक्स को शामिल किया है. जिन्होंने 2022 में पाकिस्तान दौरे पर अपने टेस्ट डेब्यू में 5 विकेट लेकर सुर्खियां बटोरी थीं. जैक्स गेंद और बल्ले दोनों से टीम को अतिरिक्त संतुलन प्रदान करेंगे.

दूसरे टेस्ट के लिए टीम में कोई और बदलाव नहीं किया गया है. इंग्लैंड अभी सीरीज में 0-1 से पीछे है, क्योंकि पर्थ टेस्ट दो ही दिनों में खत्म हो गया था और ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से जीत दर्ज की थी.

स्टोक्स का बयान

पहले टेस्ट की निराशाजनक हार के बावजूद कप्तान बेन स्टोक्स का कहना है कि टीम पूरी ताकत के साथ वापसी करने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि अभी चार मैच बचे हैं और इंग्लैंड एशेज वापस जीतने की पूरी क्षमता रखता है.

डे-नाइट टेस्ट में दोनों टीमों की असली परीक्षा

गाबा की तेज पिच और गुलाबी गेंद इस मुकाबले को और चुनौतीपूर्ण बनाएगी. इंग्लैंड की नजर शुरुआत में मिली हार के बाद सीरीज बराबर करने पर होगी, जबकि ऑस्ट्रेलिया बढ़त को 2-0 तक ले जाना चाहेगा. यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा भी है, इसलिए हर मैच अहम है.

इंग्लैंड की प्लेइंग 11

जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेट कीपर), विल जैक्स, गस एटकिंसन, ब्राइडन कार्स, जोफ्रा आर्चर. 



Source link

क्या दक्षिण अफ्रीका के कोच से विराट कोहली ने नहीं मिलाया हाथ? वायरल क्लिप में दावा, जानिए सच

क्या दक्षिण अफ्रीका के कोच से विराट कोहली ने नहीं मिलाया हाथ? वायरल क्लिप में दावा, जानिए सच



भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी वनडे सीरीज में मैदान पर मुकाबले जितने रोमांचक रहे, उतना ही ऑफ-फील्ड का एक वीडियो विवादों में आ गया है. सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे एक क्लिप में दावा किया जा रहा है कि पहले वनडे के बाद विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के कोच शुक्री कोनराड से हाथ मिलाने से परहेज किया. हालांकि वीडियो की लंबाई इतनी कम है कि सच्चाई साफ-साफ सामने नहीं आती, लेकिन बहस जरूर छिड़ गई है. 

वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?

वीडियो की शुरुआत तब होती है जब भारतीय खिलाड़ी पवेलियन लौटते समय विपक्षी खिलाड़ियों से हाथ मिला रहे होते हैं. क्लिप में दिखता है कि विराट कोहली, कोनराड के बिल्कुल सामने पहुंचते हैं, लेकिन कैमरे में वह हाथ बढ़ाते नजर नहीं आते. इसके बाद कोहली अगली कतार में खड़े दो दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों से हाथ मिलाते हुए दिखते हैं. यही कुछ सेकेंड का फुटेज इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है. हालांकि यह साफ नहीं है कि वीडियो शुरू होने से पहले कोहली पहले ही कोनराड से हाथ मिला चुके हों. इसलिए निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी.

इस विवाद की जड़ ‘Grovel’ बयान

यह पूरा मामला ऐसे समय में सामने आया है जब कोच शुक्री कोनराड पहले ही अपने एक बयान को लेकर भारतीय फैंस के निशाने पर हैं. गुवाहाटी टेस्ट के बाद कोनराड ने कहा था कि उनकी टीम ने भारत को “grovel” कराने की रणनीति बनाई थी. ‘Grovel’ शब्द का अपने आप में एक विवादित इतिहास है. 1976 में इंग्लैंड के कप्तान टोनी ग्रेग ने इसी शब्द का इस्तेमाल वेस्टइंडीज टीम को नीचा दिखाने के लिए किया था. ऐसे में इस बयान पर पहले ही भारी नाराजगी देखने को मिली थी.

कोनराड का पूरा बयान था कि उनकी टीम चाहती थी कि भारत लंबे समय तक मैदान पर खड़ी रहे. उनका लक्ष्य था कि भारतीय खिलाड़ियों को “really grovel” करवाया जाए ताकि आखिरी दिन की चुनौती और कठिन हो जाए. स्वाभाविक है, यह बयान क्रिकेट जगत को पसंद नहीं आया और नस्लीय सन्दर्भों के कारण इसे बेहद असंवेदनशील बताया गया.

क्या सच में था कोहली का इरादा?

अब इस वायरल वीडियो को उसी बयान से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन कोहली की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. विराट मैदान पर गरिमा और खेलभावना के लिए जाने जाते हैं. ऐसे में अधूरी क्लिप पर आधारित दावे कितने सही हैं, यह कहना मुश्किल है. 





Source link

IPL  2026 के लिए 1355 खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन, मिनी ऑक्शन में लगेगी करोड़ों की बोली

IPL 2026 के लिए 1355 खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन, मिनी ऑक्शन में लगेगी करोड़ों की बोली



IPL Auction 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के मिनी ऑक्शन का रोमांच तेजी से बढ़ रहा है. 16 दिसंबर को अबू धाबी में होने वाली इस छोटी लेकिन हाई-इंटेंसिटी नीलामी के लिए कुल 1,355 खिलाड़ियों ने अपना नाम दर्ज कराया है. खास बात यह है कि इस बार भारत के कई घरेलू सितारों के साथ-साथ दुनिया भर के शीर्ष अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी अपनी किस्मत आजमाते नजर आएंगे.

भारतीय खिलाड़ियों की भारी मौजूदगी

भारतीय क्रिकेटरों की सूची में मयंक अग्रवाल, केएस भरत, रवि बिश्नोई, दीपक हुड्डा, वेंकटेश अय्यर, पृथ्वी शॉ, शिवम मावी, नवदीप सैनी, चेतन सकारिया और राहुल त्रिपाठी जैसे बड़े नाम ऑक्शन में शामिल है. इन्हें अपनी क्षमताओं के दम पर नए सीजन में किसी मजबूत टीम में जगह मिलने की उम्मीद है. बीसीसीआई जल्द ही सभी खिलाड़ियों के बेस प्राइस के साथ आधिकारिक लिस्ट जारी करेगा.

बड़े विदेशी सितारे भी कतार में

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, 13 पन्नों की इस लिस्ट में इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के कई इंटरनेशनल स्टार्स मौजूद हैं. ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन, मैथ्यू शॉर्ट और स्टीव स्मिथ इसमें प्रमुख आकर्षण हैं. सबसे दिलचस्प बात यह है कि पिछले दो सीजन से अनसोल्ड हो रहे स्टीव स्मिथ एक बार फिर रजिस्टर हुए हैं. माना जा रहा है कि वे 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम का हिस्सा बनने के लिए फॉर्म और लय पाना चाहते हैं.

ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर जोश इंग्लिस भी रजिस्ट्रेशन लिस्ट में हैं. हालांकि शादी के चलते उनकी उपलब्धता अनिश्चित है. इसके बावजूद उन्होंने ऑक्शन में नाम देकर आईपीएल में वापसी की उम्मीदें जिंदा रखी हैं.

किस टीम के पास सबसे बड़ा पर्स?

नीलामी से पहले सबसे बड़ी ताकत कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के पास है. उन्होंने आंद्रे रसेल, वेंकटेश अय्यर सहित कई बड़े खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया है, जिसके बाद उनके पर्स में सबसे ज्यादा रकम बची है. रसेल भले ही क्रिकेट से संन्यास ले चुके हों, लेकिन वे केकेआर में पावर कोच की भूमिका निभाते रहेंगे.

इसके बाद दूसरे नंबर पर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) है, जिसने राहुल त्रिपाठी, दीपक हुड्डा और विजय शंकर जैसे खिलाड़ियों को रिलीज किया है. दिलचस्प बात यह है कि टीम ने मथीशा पथिराना को भी छोड़ा है और माना जा रहा है कि वे उन्हें नीलामी में वापस खरीदने की कोशिश कर सकती है. 



Source link

इस भारतीय खिलाड़ी ने मचाई तबाही, 376 रन और 18 विकेट लेकर किया कमाल

इस भारतीय खिलाड़ी ने मचाई तबाही, 376 रन और 18 विकेट लेकर किया कमाल



युवाओं के क्रिकेट में चमकने वाले सितारे अक्सर लंबे समय तक याद रखे जाते हैं. इस बार पुरुषों की अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी 2025-26 में सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं यूपी के युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर ने. हालांकि इस मैच में उत्तर प्रदेश की टीम फाइनल में तमिलनाडु से हारकर खिताब नहीं जीत पाई, लेकिन प्रशांत वीर ने अपने ऑलराउंड खेल से पूरे टूर्नामेंट में दर्शकों और चयनकर्ताओं का दिल जीत लिया. शानदार परफॉर्मेंस की बदौलत उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया, जो उनके प्रतिभाशाली भविष्य की ओर इशारा करता है.

बैटिंग में दिखाया तूफानी अंदाज

प्रशांत वीर ने इस टूर्नामेंट में बल्ले से जिस तरह का प्रदर्शन किया, वह किसी भी उभरते क्रिकेटर के लिए प्रेरणा है. उन्होंने 7 मैचों में 376 रन ठोक दिए. खास बात यह रही कि उन्होंने ये रन 94 की दमदार औसत से बनाए. उनके बल्ले से 19 छक्के और 32 चौके निकले, जिससे यह साफ होता है कि वह बड़े शॉट खेलने में माहिर हैं. टूर्नामेंट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 87 रन रहा और उन्होंने कुल 4 अर्धशतक जमाए.

युवराज सिंह को अपना आदर्श मानने वाले प्रशांत, उन्हीं की तरह 12 नंबर की जर्सी पहनते हैं और उनका खेल भी उसी अंदाज की झलक देता है.

गेंद से भी मचाया कहर

सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, प्रशांत ने गेंद से भी लगातार विकेट चटकाकर विपक्षी टीमों को परेशान किया. उन्होंने 7 मैचों में 18 विकेट लिए. इस दौरान उनकी इकॉनमी 5.36 की  और औसत 18.77 का रहा. एक बार उन्होंने 5 विकेट झटके, जबकि एक मैच में 4 विकेट भी हासिल किए. वह यूपी के सबसे सफल गेंदबाज रहे और पूरे टूर्नामेंट के टॉप 3 गेंदबाजों में शामिल रहे.

चेहरे पर लगे थे 7 टांके, फिर भी किया कमाल

प्रशांत वीर की यह सफलता और भी खास इसलिए है, क्योंकि कुछ महीने पहले उन्हें एक मैच के दौरान गंभीर चोट लगी थी. दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में कैच लेने के दौरान वह अपने साथी खिलाड़ी से टकरा गए थे, जिसकी वजह से उनके चेहरे पर 7 टांके लगाने पड़े. चोट के चलते उन्हें कुछ दिनों के लिए क्रिकेट से दूर रहना पड़ा. इसके बाद मैदान पर उनकी वापसी ने साबित कर दिया कि वह न सिर्फ फिट हैं, बल्कि पहले से भी ज्यादा मजबूत होकर लौटे हैं. 



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp