टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारतीय टीम जहां जश्न में डूबी हुई है. वहीं स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक नए विवाद में घिर गए हैं. विश्व कप जीत के बाद मैदान पर तिरंगे के साथ जश्न मनाने को लेकर उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है और FIR की मांग भी उठी है.

दरअसल टी20 वर्ल्डकप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूज़ीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया था. यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था. जीत के बाद भारतीय खिलाड़ी मैदान पर तिरंगा लेकर जश्न मना रहे थे. इसी दौरान हार्दिक पंड्या का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया है.

पुणे में दर्ज कराई गई शिकायत

पुणे के वकील वाजिद खान बिदकर ने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि हार्दिक पंड्या ने राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया है. शिकायत के अनुसार पंड्या ने तिरंगे को अपने शरीर पर लपेट लिया और जश्न के दौरान स्टेज पर लेट गए, जो कि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के खिलाफ बताया गया है. उनके व्यवहार को अभद्र और आपत्तिजनक बताया गया है.

शिकायत में कहा गया है कि यह कृत्य Prevention of Insults to National Honour Act, 1971 के सेक्शन 2 का उल्लंघन हो सकता है. इस कानून के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज का इस्तेमाल कपड़े या पोशाक की तरह करना या उसे किसी ऐसे तरीके से इस्तेमाल करना जो उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाए, दंडनीय माना जाता है.

पुलिस कर रही है जांच

यह शिकायत पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में दी गई है. फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की है, लेकिन अभी तक इस मामले में FIR दर्ज नहीं हुई है. अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और उसके आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा.

विश्व कप में पंड्या का शानदार प्रदर्शन

इस विवाद के बीच यह भी सच है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हार्दिक पंड्या का प्रदर्शन शानदार रहा है. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 9 मैच खेलकर 217 रन बनाए और 9 विकेट भी लिए. टीम की जीत में उनका योगदान काफी अहम रहा है.

जश्न से विवाद तक

भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद जहां देशभर में जश्न का माहौल था, वहीं अब इस मामले ने नई बहस छेड़ दी है. कुछ लोग इसे भावनाओं में किया गया जश्न बता रहे हैं, तो कुछ लोग राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा से जुड़ा मामला मान रहे हैं. अब सबकी नजर पुलिस की जांच पर टिकी है कि आखिर इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है. 



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp